Beijing: चीन का एक प्रांत जिसकी आबादी छह करोड़ है। चीन की सरकार ने अब इसे इसकी किस्मत पर छोड़ दिया है। कोरोना वायरस से मरने वाले 97 फीसदी लोग यहीं से हैं। मीडिया में चर्चा वुहान की है। दरअसल हुबेई की राजधानी है वुहान। पूरे चीन में इस वायरस से संक्रमित जितने लोग हैं उनका 67 फीसदी हुबेई में है। मरने वालों की तादाद दिनोदिन बढ़ती ही जा रही है। लोकल हेल्थ सिस्टम की हालत खराब हो चुकी है। मरीज इतने हैं कि अस्पताल में पांव रखने तक की जगह नहीं है।
कोरोना वायरस के रहस्यमय रोगाणु ने सबसे पहले यहीं दस्तक दी। 23 जनवरी को चीन की सरकार ने पूरे हुबेई प्रांत को ही अलग-थलग कर दिया। चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने कड़े निर्देश जारी किए हैं। इसके मुताबिक हुबेई से कोई भी बाहर नहीं जा सकता। मकसद है वायरस को फैलने से रोकना ताकि पूरी दुनिया को बचाया जा सके। वुहान के पूर्व डिप्टी डायरेक्टर जनरल यांग गांगहुन कहते हैं कि अगर पूरे राज्य की घेराबंदी नहीं की गई होती तो बीमार लोग इलाज के चक्कर में कहीं भी जा सकते थे। इससे पूरा चीन जानलेवा वायरस की जद में आ जाता। इससे लोगों का जीना दुश्वार हो गया है लेकिन ये ज़रूरी था। समझिए ये सब जंग लड़ने जैसा है।
वुहान में एक करोड़ से ज्यादा लोग रहते हैं। इसे दूसरे दर्जे का शहर माना जाता है। विकास के मामले में यह शंघाई, पेइचिंग और गुआंगझाऊ से पिछड़ा हुआ है। जब वायरस फैलना शुरू हुआ तो कुछ दिनों तक किसी को इसका अंदाजा नहीं था। इस वजह से ये तेजी से फैला। दिसंबर में लगा कि वुहान के फूड मार्केट से यह फैला है। डॉक्टरों ने बताया कि जानवरों से यह वायरस मनुष्यों में आया। जनवरी तक सरकार ने सार्वजनिक समारोह कैंसल नहीं किए। इससे प्रकोप बढ़ता गया। चीन में लूनर न्यू ईयर के बाद सही तस्वीर सामने आई। तब तक बहुत देर हो चुकी थी।