Ashok Vihar Murder Case: अशोक विहार हत्याकांड का खुलासा, पति ने मां और भाई के साथ मिलकर की पत्नी की हत्या

Ashok Vihar Murder Case
अशोक विहार हत्याकांड का खुलासा (प्रतिकात्मक तस्वीर)

Ashok Vihar Murder Case: नॉर्थ वेस्ट जिले की अशोक विहार (Ashok Vihar Murder Case) थाना पुलिस ने 25 वर्षीय महिला के मर्डर केस को सुलझा लिया है। पुलिस ने महिला की हत्या के आरोप में मृतका के पति, देवर और सास को पकड़ा है। आरोपी पति का नाम विक्की और सास का तारा देवी बताया गया है।

डीसीपी जितेंद्र कुमार मीणा के अनुसार, 25 जनवरी, 2024 को शिकायतकर्ता शहीद सुखदेव नगर, अशोक विहार निवासी सावित्री शुक्ला ने बताया था कि बेटी सपना अपने पति विक्की के साथ रह रही थी। 24 दिसंबर, 2023 को उसका अपने ससुराल वालों से झगड़ा हुआ था। इसके बाद से उनका बेटी से संपर्क नहीं हो रहा था। उन्होंने ससुराल पक्ष से पता करने की कोशिश भी की थी, लेकिन उन्हें बताया गया कि सपना और विक्की दोनों घर छोड़कर चले गए हैं। उनकी तलाश की गई, लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया था।

मां ने कराई बेटी के लापता होने की शिकायत दर्ज

इसके बाद मृतका की मां ने 25 जनवरी को अशोक विहार थाने में बेटी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। 8 फरवरी को बेड सीट कवर में लिपटे शव के संबंध में एक कॉल पुलिस को मिली थी। रेलवे लाइन के पास ग्रीन बेल्ट में गड्ढे के अंदर शव पाया गया था। शव की पहचान सपना के तौर पर उसकी मां ने ही टैटू के आधार पर की थी। पोस्टमॉर्टम में गला घोंटकर हत्या का खुलासा हुआ।

पूछताछ के बाद पति कबूला जुर्म

मामले की जांच के दौरान, पुलिस कर्मचारियों को विक्की का मोबाइल 26 दिसंबर, 2023 से बंद मिला। इससे शक के दायरे में विक्की आया। आखिर में पुलिस ने उसे तलाश कर पूछताछ की, जिसमें विक्की (19) ने अपनी मां और भाई की मदद से हत्या का जुर्म कबूल लिया। इसके बाद विक्की की मां तारा देवी (50) और नाबालिग भाई को भी पकड़ लिया गया।

विक्की ने बताया कि उनकी शादी को लगभग एक साल हो गया था। सपना उसके बच्चे की मां बनने वाली थी, लेकिन दुर्भाग्य से अक्टूबर 2023 में उसका गर्भपात हो गया था। इसके बाद उनके रिश्ते में खटास पैदा हो गई थी। वह शराब पीने लगा था। इस कारण सपना से बार-बार बहस व झगड़ा होता था। 26 दिसंबर की रात को तीखी बहस हिंसा में बदल गई, जिसके परिणामस्वरूप सपना की हत्या कर शव गड्ढे में दफना दिया गया था।