
नई दिल्ली, सत्यकेतन समाचार। उत्तरी दिल्ली के महापौर जयप्रकाश ने आम आदमी पार्टी की प्रवक्ता आतिशी द्वारा संपत्ति कर के संबंध में लगाए गए आरोपों को निराधार व बेबुनियाद बताया। उन्होंने कहा है कि आम आदमी पार्टी उत्तरी दिल्ली नगर निगम द्वारा अतिरिक्त सौ करोड़ रुपये संपत्ति कर के रूप में एकत्रित किए जाने से बौखला गई है। उन्होंने कहा कि निगम ने पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष अधिक संपत्ति कर एकत्रित किया है जिससे आम आदमी पार्टी घबरा गई है और उत्तरी दिल्ली नगर निगम पर निराधार व तथ्यों से परे आरोप लगा रही है।
महापौर जयप्रकाश ने कहा कि उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने विभिन्न क्षेत्रों में संपत्तिकर कैंप लगाए ताकि नागरिकों को सुविधाओं और निगम को संपत्ति करके प्राप्ति हो जिसमें आम आदमी पार्टी के विधायकों व पार्षदों ने कोई योगदान नहीं दिया और न ही अपने क्षेत्रों में कोई संपत्तिकर कैंप लगाए। उन्होंने कहा कि एक तरफ़ आम आदमी पार्टी निगमों का बकाया फंड न देकर उन पर राजस्व में वृद्धि करने का दबाव बनाती है वहीं दूसरी ओर निगमों के राजस्व बढ़ने से बौखला जाती है।
महापौर जयप्रकाश ने कहा कि संपत्ति कर के रूप में एकत्रित राजस्व निगम के खातों में आता है जिसका प्रयोग नागरिकों को सेवाएँ देने व निगम के कर्मचारियों को वेतन देने के कार्य में किया जाता है उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी बताए है कि उनके विधायक दिल्ली सरकार का कितना राजस्व अपने खातों में डाल लेते हैं और उसे खा जाते हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी उत्तरी दिल्ली नगर निगम के राजस्व में वृद्धि होने से घबरा गई है क्योंकि वो नहीं चाहते कि निगम नागरिकों के लिए विकास कार्य करें और अपने कर्मचारियों को समय पर वेतन दे। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी निराधार आरोप लगाकर और जनता के बीच एक भ्रम की स्थिति पैदा करना चाहती है ताकि वो इसका फ़ायदा आगामी निगम चुनाव में उठा सके।
महापौर जय प्रकाश ने कहा कि एक तरफ आम आदमी पार्टी कोरोना के कारण दिल्ली सरकार के राजस्व में कमी का कारण बता रही है, वही उत्तरी दिल्ली नगर निगम के राजस्व में बढ़ोतरी से बैखला रही है।