Self Love: जानें क्यों जरुरी है खुद से प्यार करना, खुश रहना है तो अपनाएं ये तरीका

Self Love: जानें क्यों जरुरी है खुद से प्यार करना, खुश रहना है तो अपनाएं ये तरीका

Self Love: Know why it is important to love yourself, if you want to be happy, then follow this method
photo source : google

खुद को प्यार करना क्यों है जरूरी ?

किसी ने सच ही कहा है कि यदि आप स्वयं से प्रेम नहीं करते हैं, तो आप दूसरों से प्यार नहीं कर सकते। अपने आपको प्यार करना स्वयं के विकास में निवेश करने जैसा है। आप ही हैं, जो अपने जीवन की दिशा को तय कर सकती हैं, यानी खुद ही यह तय कर सकती हैं कि आपको क्या करना है। अपनी भावनाओं, रिश्तों और बाकी व्यावहारिक जिंदगी के लिए दूसरों पर निर्भर रहने से हीनभावना बढ़ सकती है। कम से कम अपनी जिंदगी की लगाम खुद के हाथ में रखने का गर्व आपके चेहरे पर दमकेगा। दूसरे क्या बोलते है क्या सोचते है इसे आपको फर्क नहीं पढ़ना चाहिए आप जो है वही रहिये और खुद से प्यार कीजिये।

खुश रहना है तो…

जो प्यार आप अपने परिवार को दे रही हैं, बदले में जब उतना ही प्यार नहीं मिलता होगा, तो दुख लगना स्वाभाविक है। पर खुद की अनदेखी तो आप स्वयं कर रही हैं, फिर दूसरे तो करेंगे ही। खुद को खुश रखिए। मन को मारकर हर वक्त दूसरों के लिए करते रहने से एक हीनभावना आ जाती है। जब आप खुश रहेंगी, तभी आप हर रिश्ते में खुशी का रंग भर पाएंगी।

खुद पर भरोसा भी है जरूरी

खुद पर भरोसा करने का मतलब है, अपने आत्मविश्वास को बढ़ाना। आत्मविश्वास होगा तो गलतियां भी कम होंगी। कोई गलती होती भी है, तो धैर्य रखें और उन गलतियों से सीख लेकर अगली बार बेहतर करने की कोशिश करें। खुद का भरोसा ही है कि एक चींटी अपने वजन से दस गुना भार लेकर अपनी मंजिल की तरफ बढ़ जाती है।

क्या है आपकी पहचान

खुद से प्यार करने का एक मतलब यह भी है कि आप जैसी भी हैं, उसी रूप में खुद को स्वीकारें। दुनिया में सुंदर लोगों की कमी नहीं है, लेकिन इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि आप अपनी तुलना उनसे करें। सुंदरता के मायने केवल शारीरिक सुंदरता ही नहीं होता, इसमें आपकी स्मार्टनेस, जानकारी, सोच वगैरह कई चीजें होती हैं। अपने व्यक्तित्व में संतुलन लाएं। इससे आत्मविश्वास बढ़ता है। किसी को अपना आदर्श जरूर बनाएं, मगर दूसरों की नकल करने की बजाय अपनी एक अलग पहचान बनाएं।

आपकी खाने-पीने की आदतें

जो लोग खुद से प्यार करना जानते हैं, वो शारीरिक और मानसिक बीमारियों से भी दूर रहते हैं। ऐसा इसलिए हो पाता है, क्योंकि वे बेहतर स्वास्थ्य के साथ अपने काम पर ज्यादा ध्यान दे पाते हैं। ये शरीर आप ही का है। इसका ध्यान रखने की जिम्मेदारी भी आपकी है। समय पर, सही और संतुलित खाना जितना जरूरी आपके घर वालों के लिए है, उतना ही जरूरी आपके लिए भी है। बचा-खुचा खा लेना, जब टाइम मिले तब खाना; अपने साथ ऐसा करते हुए आपको सोचना चाहिए कि आपका शरीर कोई कूड़ादान नहीं है, जिसके अंदर कुछ भी डाल दिया जाए। सेहतमंद खाने से समझौता करके खुद को बीमार न बनाएं।

Self Love: Know why it is important to love yourself, if you want to be happy, then follow this method
photo source : google

फिट और खूबसूरत रहे

हर उम्र में खुद को फिट रखना या अपने सौंदर्य को बनाए रखना आपकी प्राथमिकता होनी चाहिए। सुंदरता से पॉजिटिव एनर्जी मिलती है। पहनावा, रहन-सहन और खानपान में संतुलन बनाकर आप फिट रह सकती हैं। स्पा लेना, फेशियल करवाना, मेडिटेशन और योगा करना, ये सब भी जरूरी है। इसके लिए टाइम मैनेजमेंट सीखें। 24 घंटे में कुछ वक्त खुद के लिए निकालना, खुद को उपहार देने जैसा है। ऐसा हर रोज कीजिए।

खुद को अपडेट करती रहें

सीखना किसी भी उम्र में कम न करें। यह आपके खुद के विकास के लिए जरूरी है। यू-ट्यूब से कुछ नई चीजें सीखना, मोटिवेशनल चीजों को पढ़ना या सुनना, नए कोर्सेज करना, टेक्नोलॉजी की नई बातें जानना, देश-दुनिया की खबरों से जुड़े रहना, ये सारी चीजें आपको बेहतर बने रहने में मदद करती हैं। अगर आप ऐसा कर पाती हैं, तो लोग भी आपकी कद्र करना सीख जाते हैं।

सोशल मीडिया से प्रभावित न हों

कई बार ऐसा हुआ होगा कि फेसबुक या इंस्टाग्राम पर दोस्तों का हाल जानने के बाद आप खुद को लेकर तनाव में आ गई होंगी। शोधों में भी यह बात साबित हुई है कि सोशल मीडिया डिप्रेशन भी बढ़ाता है। दरअसल हमें सोशल मीडिया पर दूसरों से अपनी तुलना करने से बचना चाहिए। आपकी यात्रा आपकी अपनी है। फोकस होकर जब आप अपने रास्ते पर बढ़ेंगी, तो जीवन अपने आप सरल होता जाएगा।

करें खुद की हौसला अफजाई

खुद से प्यार करने वाले खुद को अपनी क्षमताओं और कमियों के साथ स्वीकार करते हैं। बिल्कुल जिगरी दोस्त की तरह। निराशा के क्षणों में खुद से ऐसा ही व्यवहार कीजिए, जैसे आप दूसरों को ढाढस बंधाने के लिए करती हैं। जैसे कभी किसी सहेली या किसी सहकर्मी की कमियों को जानते हुए भी आपने उसका हौसला बढ़ाया था, वैसे ही खुद का भी हौसला बढ़ाने की आदत डाल लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *