नई दिल्ली, सत्यकेतन समाचार। निरंकारी सद्गुरू माता सुदीक्षा जी महाराज के मार्गदर्शन में संत निरंकारी चौरिटेबल फॉउंडेशन द्वारा निरंकारी बाबा हरदेव सिंह महाराज के जन्मजयंती पर देशव्यापी अभियान के तहत देश के लगभग 450 शहरों के 1166 के सरकारी अस्पतालों में महास्वच्छता अभियान चलाया गया। बस स्टैंड, सरकारी हॉस्पिटल में भी रविवार को प्रात: 8 बजे से निरंकारी भक्तों ने सफाई अभियान शुरू किया।
यह सफाई अभियान संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन के तत्वाधान् में आयोजित किया गया। इसमें 3.5 लाख श्रद्धालु भक्त सम्मिलित हुए जिनमें फाउंडेशन तथा संत निरंकारी सेवादल के सेवादारों के अतिरिक्त साध संगत के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे। वहीं पिछले वर्ष इसी दिन 765 सरकारी अस्पतालों की सफाई की गई थी।
राजधानी दिल्ली के 11 बडें सरकारी अस्पतालों में सफाई अभियान चलाया गया। जिसमें डॉ.राम मनोहर लोहिया अस्पताल, सफदरजंग अस्पताल, डॉ. बाबा साहिब अम्बेडकर अस्पताल, जग प्रवेश चंद्रा अस्पताल, लोक नायक जयप्रकाश नारायण अस्पताल, डॉ. हेडगेवार आरोग्य संस्थान, दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल, गुरु तेग बहादुर अस्पताल, दीप चंद बन्धु अस्पताल, संजय गांधी अस्पताल और लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल शामिल हैं।
संत निरंकारी मिशन आध्यात्मिक जागरूकता के साथ-साथ कई अन्य प्रकार से भी मानव सेवा करता आ रहा है। समाज कल्याण की गतिविधियों पर अधिक ध्यान दिया जा सके इसके लिए अप्रैल 2010 में संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन का गठन किया गया। आज फाउंडेशन, स्वास्थ्य, शिक्षा, युवाओं एवं महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए अनेक कार्यक्रम आयोजित कर रही है। यह सभी सेवाएं केवल सेवा भाव से ही की जा रही हैं। स्वच्छता के प्रति निरंकारी भक्तों के समर्पण को सभी ने सराहा। इस दौरान सैकड़ो की संख्या में निरंकारी भक्त मौजूद रहे।