
Rajdhani Express, सत्यकेतन समाचार : रांची से नई दिल्ली जाने वाली राजधानी एक्सप्रेस में एक यात्री की तबीयत अचानक बिगड़ने से मौत हो गयी। यूपी के जिले चंदौली के पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेलवे जंक्शन पर राजकीय रेलवे पुलिस ने यात्री के शव को ट्रेन से उतारा। कंट्रोल रूम से मिली सूचना पर जीआरपी पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर ने यह कार्रवाई की। मृतक की पहचान हो गई है, वह जौनपुर जिले का रहने वाला था।
इंस्पेक्टर जीआरपी पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर आरके सिंह के मुताबिक रांची से नई दिल्ली को जाने वाली 20839 अप रांची राजधानी एक्सप्रेस के कोच नंबर B2 की बर्थ संख्या 41 पर एक व्यक्ति सफर कर रहा था। सफर के दौरान किसी कारणवश उसकी तबीयत खराब हो गई। इस बीच उसे उचित चिकित्सा व्यवस्था नहीं मिल पाई और ट्रेन में ही उसकी मौत हो गई।
बैग में मिले कागजात से हुई शिनाख्त
घटना की सूचना सहयात्रियों द्वारा कंट्रोल रूम को दी गई। सूचना के आधार पर जीआरपी पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने देर रात रेलवे जंक्शन के प्लैटफॉर्म नंबर 7 पर गाड़ी आने के बाद कोच के अंदर घुसकर बर्थ नंबर 41 पर पड़े व्यक्ति की जांच की। मृत पाए जाने पर पुलिस ने शव को नीचे उतारा। शव के साथ मिले बैग की जांच में पुलिस ने पाया कि मृत व्यक्ति राणा प्रताप सिंह की उम्र 35 वर्ष है। कागजात से यह जानकारी हुई कि मृत व्यक्ति जौनपुर जिले के चंदवक थाना क्षेत्र का रहने वाला था।