
नई दिल्ली, सत्यकेतन समाचार। विश्व महिला दिवस के अवसर पर वार्ड 57 रोहिणी की पूर्व महापौर एवं निगम पार्षद, प्रीति अग्रवाल ने अपने अन्य सदस्यों के साथ मिल कर पूरे वार्ड 57 में तमाम वृक्षों को गुलाबी रंग से पेंट किया। इसके अलावा पूरे समूह ने वॉल पेंटिंग कर वार्ड में एक नई सुंदरता सुसज्जित की।
क्या सन्देश दिया पूर्व महापौर प्रीति अग्रवाल ने?
इस मौके पर पूर्व महापौर प्रीति अग्रवाल ने कहा कि, “नारी असंख्य अनमोल गुणों का भंडार है, जहां उसमें कोमल और करुण भावों का मखमली एहसास पनपता है वहीं अन्याय के विरुद्ध आवाज़ उठाने की शक्ति, साहस, निर्णय क्षमता और आक्रामकता भी है। वैचारिक मतभेदों पर विजय पाने के लिए महिलाओं के पास तार्किक क्षमता भी है और स्थिति-परिस्थिति के अनुरूप बरती जाने वाली समझ भी। वह घर, परिवार, रिश्ते-नातों और समाज के साथ देश चलाने का हौंसला भी रखती है. समस्त महिलायें विनम्र और श्रृद्धा भाव के साथ झुकने के गुण से भी अवगत हैं। सौम्य भाव, मन में छुपे प्रेम, सौभाग्य और कोमल भावना का प्रतिनिधित्व करता है, जो प्रकृति ने स्त्री को भी सौगात के रूप में दी है।
उन्होंने कहा कि, “स्त्री तो कई रंगों से सजी मूरत है जिसके लिए किसी एक रंग को चुना नहीं जा सकता। हर रंग की उसमें चमक है और हर फूल की उसमें महक, उसे रंग में बांधना सही नहीं है।” घर की देहरी से संसार तक वह कंधे से कंधा मिलाकर चलना भी जानती हैं। वो सब कुछ कर सकती है जो उसे बराबरी पर लाकर खड़ा करता है” विश्व महिला दिवस के इस ख़ास आयोजन में (वार्ड 57 N) भाजपा के कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।