
नई दिल्ली, सत्यकेतन समाचार। कोरोना टीकाकरण की तैयारियों के मद्देनजर पूर्वी दिल्ली नगर निगम ने अपने फ्रंटलाइन वर्कर्स की लिस्ट जमा करा दी है। पूर्वी दिल्ली नगर निगम ने कोरोना संक्रमण के दौरान लोगों की सेवा करने वाले अपने करीब 23 हजार कर्मचारियों की सूची सरकार के पोर्टल को-विन पर अपडेट कर दी है।
प्रेस एवं सूचना निदेशालय के मुताबिक, पहले चरण में टीकाकरण के लिए पूर्वी दिल्ली नगर निगम की ओर से जिन लोगों का नाम भेजे गए हैं उनमें निगम सफाईकर्मी, स्वास्थ्यकर्मी, जन-स्वास्थ्यकर्मी और अभियांत्रिक विभाग, संपत्ति कर विभाग, उद्यान विभाग और समुदाय सेवा विभाग के कर्मचारी शामिल हैं।
तय समय तक सरकार द्वारा अधिकृत पॉर्टल पर विभाग को अपने फ्रंटलाइन वर्कर्स की लिस्ट अपडेट करने के निर्देश जारी हुए थे। इसके अनुपालन में निगम की समर्पित टीम ने यह डाटा कम से कम समय में उपलब्ध करा दिया है। गौरतलब है कि पूर्वी दिल्ली नगर निगम के सफाई कर्मचारी, अभियांत्रिक विभाग के कर्मचारियों ने कोरोना संक्रमण के दौरान में भी लोगों के घर-घर से कूड़ा उठाने और सेनिटाइजेशन का काम किया। इसके अलावा स्वास्थ्यकर्मी, जन-स्वास्थ्यकर्मियों और अन्य कर्मचारियों ने कोरोना संक्रमण के प्रसार को रोकने में अहम भूमिका अदा की।