नई दिल्ली सत्यकेतन समाचार: दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 की तैयारी के तहत चुनावी मोड में आई दिल्ली सरकार आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) ने अकुशल मजदूरों को 14842 रुपये न्यूनतम मजदूरी का तोहफा दिया है। इस बात पर दिल्ली सरकार की ओर से जारी की गई नई अधिसूचना के तहत अकुशल मजदूरों को न्यूनतम वेतनमान 8632 की जगह 14842 रुपये मिलेगा। वही ग्रेजुएट एवं उससे ज्यादा पढ़े-लिखे लोगों को अप्रैल और अक्टूबर में डीए भी मिलेगा। इसी के साथ दिवाली के त्योहार पर सबको एक महीने की सैलरी बोनस के रूप में दी जाएगी। ग्रेजुएट का न्यूनतम वेतनमान अब 19572 रुपये प्रतिमाह न्यूनतम होगा।

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को दिल्ली सचिवालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि गरीबी दूर करने और आर्थिक मंदी दूर करने के लिए दिल्ली सरकार ने न्यूनतम मजदूरी बढ़ाने के लिए जो कदम बढ़ाया है, इससे 55 लाख लोगों को लाभ मिलेगा। अब मजदूरों को दिल्ली सरकार डीए भी देगी।
CM ने कहा कि दिल्ली सरकार देश में सबसे अधिक न्यूनतम मजदूरी दे रही है। दिल्ली हाई कोर्ट (Delhi High Court) के आदेश को हमने सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) में चैलेंज किया था। सुप्रीम कोर्ट ने हमारे द्वारा बढ़ाए गए न्यूनतम वेतनमान को मान लिया है। दिल्ली में न्यूनतम मजदूरी नही देने पर 1373 ठेकेदारों को हटाया गया है। मजदूरों के साथ वेतन में गड़बड़ी करने पर 6 कंपनियों के मालिकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।