पूर्वी दिल्ली, सत्यकेतन समाचार। सामाजिक संस्था ज्ञान फाउंडेशन ने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी की स्मृति में रविवार को पूर्वी दिल्ली के कृष्णा नगर क्षेत्र में ‘अतुल्य अटल सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता’ का आयोजन किया। प्रतियोगिता में छात्र ईशान गुप्ता ने पहला स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता के संयोजक डॉ. अनिल गोयल ने ईशान गुप्ता को 5100 रुपए नकद राशि और सर्टिफिकेट प्रदान कर पुरस्कृत किया।
डॉ. अनिल गोयल ने बताया कि यह प्रतियोगिता 3 चरणों में आयोजित की जा रही है जिसका पहला चरण रविवार को सम्पन्न हुआ। पहले चरण में 16 वर्ष के किशोरों से लेकर 24 वर्ष तक के 400 से अधिक छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। आधे घंटे की इस प्रतियोगिता में राष्ट्रीय परिप्रेक्ष्य से संबंधित सामान्य ज्ञान के 25 प्रश्न पूछे गए थे। पहले चरण के पहले 26 छात्र-छात्राओं को मेरिट के आधार पर सीधे अगले चरण की प्रतियोगिता के लिए चुन लिया गया।
-भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में किया गया आयोजन
-ज्ञान फाउंडेशन ने कृष्णा नगर में किया आयोजन, 400 से अधिक छात्र-छात्राओं ने लिया भाग
कृष्णा नगर स्थित लवली पब्लिक स्कूल में आयोजित इस प्रतियोगिता में ईशान गुप्ता ने बाजी मारते हुए पहला स्थान हासिल किया। अंजली सिंह दूसरे और अभिषेक अरोड़ा तीसरे स्थान पर रहे। विजेताओं को क्रमशः 5100 रुपए, 3100 रुपए और 2100 रुपए की नकद पुरस्कार राशि से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर डॉ. गोयल ने पूर्वी दिल्ली नगर निगम स्टैंडिंग कमेटी के चेयरमैन संदीप कपूर, कुश बिंद्रा, अनारकली से निगम पार्षद रेखा दीक्षित, श्रवण दीक्षित, मंडल अध्यक्ष राकेश गुप्ता और लवली पब्लिक स्कूल के संस्थापक इंद्र मलिक जी को उनके सहयोग के लिए आभार प्रकट किया।