नई दिल्ली। दिल्ली की सभी 70 सीटों पर 8 फरवरी को डाले जाएंगे वोट11 फरवरी को वोटों की गिनती होगी और चुनाव नतीजे आएंगे। दिल्ली विधानसभा चुनाव जीतने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अपनी पूरी ताकत झोंक रही है। केंद्रीय मंत्री अमित शाह और भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा के बाद अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिल्ली विधानसभा चुनाव में एंट्री होने जा रही है। पीएम मोदी 3 फरवरी को दिल्ली के कड़कड़डूमा के सी.बी.डी.ग्राउंड में चुनावी रैली करेंगे।
विधानसभा चुनाव के ऐलान के बाद दिल्ली में पीएम मोदी की यह पहली चुनावी रैली है। दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीटों पर चुनाव हो रहे हैं। दिल्ली में 8 फरवरी को वोट डाले जाएंगे। इसके बाद 11 फरवरी को वोटों की गिनती होगी और चुनाव के नतीजे जारी किए जाएंगे। इस चुनाव में आम आदमी पार्टी के सामने अपनी सत्ता बचाने की चुनौती है, तो भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस पार्टी सत्ता में काबिज होने की जुगत लगा रही हैं। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली के बाद कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी भी दिल्ली में चुनावी रैली करेंगे।
राहुल गांधी 4 और 5 फरवरी को दो रैलियां कर दिल्ली चुनाव अभियान को धार देने का काम करेंगे। हालांकि राहुल गांधी की बहन और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा का कार्यक्रम अभी तय नहीं हो पाया है। दिल्ली में विधानसभा चुनाव उस समय हो रहे हैं, जब शाहीन बाग में नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) के खिलाफ प्रदर्शन चल रहे हैं। दिल्ली की चुनावी जंग में भी शाहीन बाग चर्चा में बना हुआ है। भारतीय जनता पार्टी शाहीन बाग में चल रहे विरोध प्रदर्शन को लेकर आम आदमी पार्टी पर लगातार निशाना साध रही है। जामिया और शनिवार को शाहीन बाग में गुरुवार को हुई फायरिंग को लेकर भी विपक्षी दल बीजेपी पर हमला बोल रहे हैं। विपक्षी दल इन फायरिंग के लिए बीजेपी को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं।