नई दिल्ली, सत्यकेतन समाचार। उत्तरी दिल्ली के महापौर जयप्रकाश, दक्षिणी दिल्ली के महापौर अनामिका मिथिलेश व पूर्वी दिल्ली के महापौर निर्मल जैन ने मुख्यमंत्री आवास के बाहर से आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि दिल्ली के तीनों महापौर सोमवार से मुख्यमंत्री आवास के बाहर धरना स्थल से अपना कार्यालय चलाएंगे।
उत्तरी दिल्ली के महापौर जय प्रकाश ने कहा कि दिल्ली के तीनों महापौर लगातार पांच दिनों से मुख्यमंत्री से मिलने के लिए उनके आवास के बाहर धरना दे रहे हैं मगर उन्होंने एक बार भी दिल्ली के महापौरो से मिलने की कोशिश नहीं की। उन्होंने कहा कि जब तक दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल तीनों निगमों का बकाया 13000 करोड रुपए नहीं देते हैं तब तक हम लगातार उनके घर के बाहर धरने पर बैठे रहेंगे।

जय प्रकाश ने कहा कि दिल्ली सरकार तीनों निगमों का बकाया फंड ना देकर दिल्ली में अराजकता की स्थिति पैदा करना चाहती है। उन्होंने कहा कि हम लगातार पांच दिनों से मुख्यमंत्री के आवास के बाहर बैठे हैं मगर वह हमसे क्यों नहीं मिलना चाहते या हमारी बात क्यों नहीं सुनना चाहते यह बात समझ के बाहर है।
महापौर जय प्रकाश ने कहा कि दिल्ली सरकार आगामी निगम चुनाव को ध्यान में रखते हुए दिल्ली की तीनों निगमों के साथ राजनीति कर रही है। उन्होंने बताया कि दिल्ली सरकार द्वारा फंड जारी नहीं करने के कारण दिल्ली के सारे विकास कार्य रुक गए हैं व कर्मचारियों को वेतन देने में काफी समस्या आ रही है। उन्होंने कहा कि ये हमारे संवैधानिक अधिकार है और उसे हम लेकर रहेंगे।
जय प्रकाश ने कहा कि दिल्ली सरकार ने अभी तक उत्तरी दिल्ली नगर निगम का बीटीए का इस वर्ष का 425.06 करोड़ रू नही दिया है। उन्होंने दिल्ली सरकार से निगमों को बकाया 13000 करोड़ रू जिसमें से उत्तरी दिल्ली नगर निगम का 6500 करोड़ रू देने की मांग की ताकि उत्तरी दिल्ली नगर निगम अपने 55000 कर्मचारियों व 24000 सेवानिवृत्त कर्मचारियों को वेतन व पेंशन दे सके।