नई दिल्ली, सत्यकेतन समाचार। अखिल भारत हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी त्रिदंडी जी महाराज ने दिल्ली के रविन्द्र कुमार द्विवेदी को तत्काल प्रभाव से हिन्दू महासभा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष पद पर मनोनीत किया है. रविन्द्र कुमार द्विवेदी अभी तक वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष का दायित्व संभाल रहे थे.
हिन्दू महासभा की राष्ट्रीय प्रवक्ता कामिनी झा ने जारी बयान में यह जानकारी दी है. कामिनी झा ने बताया कि स्वामी त्रिदंडी जी महाराज ने व्हाट्सअप के माध्यम से रविन्द्र कुमार द्विवेदी को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष का नियुक्ति पत्र प्रदान किया. स्वामी ने अपने अस्वस्थ होने का हवाला देते हुए सभी राष्ट्रीय प्रशासनिक, कानूनी, संगठनात्मक और आंतरिक विवाद के समाधान पर निर्णय लेने का अधिकार रविन्द्र कुमार द्विवेदी को सौंपा है.
यह भी पढ़ें:- Delhi Coronavirus: दिल्ली में कोरोना का कहर बढ़ा, दोगुना हुआ पॉजिटिविटी रेट
जारी बयान के अनुसार राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष मनोनीत होने पर रविन्द्र कुमार द्विवेदी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी त्रिदंडी जी महाराज और राष्ट्रीय कार्यकारिणी का आभार प्रकट करते हुए कहा कि नया उत्तरदायित्व उनके लिए एक चुनौती है. इस चुनौती को वो स्वामी त्रिदंडी जी महाराज के आशीर्वाद और राष्ट्रीय कार्यकारिणी के पदाधिकारियों के सहयोग से लोकतांत्रिक प्रक्रिया को विकसित करते हुए संवैधानिक प्रक्रिया से पूरा करेंगे.
कामिनी झा ने बताया कि रविन्द्र कुमार द्विवेदी हिन्दू युवक सभा दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष, हिन्दू महासभा दिल्ली प्रदेश उपाध्यक्ष, दिल्ली प्रदेश महामंत्री, दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष, उत्तर भारत प्रभारी, राष्ट्रीय महामंत्री, राष्ट्रीय संगठन मंत्री और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के पदों का सफलतापूर्वक उत्तरदायित्व का निर्वहन करते हुए राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के पद पर पहुंचे है. उनके पास ३४ वर्ष के राजनीतिक जीवन का लंबा अनुभव है. रविन्द्र कुमार द्विवेदी ने अपने लंबे राजनीतिक अनुभव से वीर सावरकर, भाई परमानंद, भारत रत्न महामना पंडित मदन मोहन मालवीय और महंत दिग्विजय नाथ के स्वर्णिम दौर की हिन्दू महासभा में परिवर्तित कर भारत की प्रमुख राजनीति शक्ति के रूप में स्थापित करने के संकल्प के साथ राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष पद का दायित्व संभाला.
हिन्दू महासभा की राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री अधिवक्ता संजया शर्मा ने रविन्द्र कुमार द्विवेदी को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष मनोनीत होने पर बधाई देते हुए कहा कि उनके मनोनयन से प्रमाणित हो गया कि योग्यता किसी की मोहताज नहीं होती. उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी त्रिदंडी जी महाराज का सही समय पर लिया गया सही निर्णय बताया.