रांची। झारखंड में पिछले चौबीस घंटे में ठंड से आठ लोगों की मौत हो गई है। दरअसल, पिछले 24 घंटे में राज्य के उत्तरी भाग में कुछ स्थानों पर कोल्ड डे व मध्य झारखंड में कुछ स्थानों पर शीतलहर की स्थिति बनी रही। वहीं कुछ स्थानों पर कुहासा भी छाया रहा। बता दें कि राजधानी रांची के कांके में सबसे कम 3.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
- चौबीस घंटे में ठंड से आठ लोगों की मौत
गढ़वा जिले के श्रीबंशीधर नगर थाना क्षेत्र के कोलझिकी गांव निवासी स्व. चुटूर भुइयां की 65 वर्षीया पत्नी बुधिया कुंवर की मौत ठंड से सोमवार की रात हो गई। वहीं, गढ़वा के मेराल थाना क्षेत्र के पिंडरा गांव में 57 वर्षीय नरेश भुइयां की मौत सोमवार की रात में हो गई। लातेहार के सदर थाना क्षेत्र की नेवाड़ी पंचायत निवासी जाकिर मियां की मौत ठंड से हो गई।
बताया जा रहा है कि बोकारो जिले के बेरमो के बेहरागोड़ा बस्ती निवासी भीम रजवार व गोमिया के डुमरी बिहार निवासी अनु गोप की मौत ठंड से हो गई। दूसरी ओर, साहिबगंज के तालझारी प्रखंड के हरिनकोल निवासी बड़का मड़ैया की पत्नी फुदिया मड़ैया की मौत मंगलवार की दोपहर करीब 12 बजे ठंड लगने से हो गई। वह बैंक ऑफ इंडिया, तालझारी में पैसे की निकासी करने के लिए गई थी। वहां उसकी तबीयत बिगड़ गई तो बैंक कर्मी व वहां उपस्थित लोग उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तालझारी ले गए। लेकिन वहां एएनएम किशोरी सिंह ने उसे मृत घोषित कर दिया।