दुनिया के 114 देशों में कोरोना वायरस के 1,18,000 केस आये सामने, वैश्विक महामारी घोषित

दुनिया के 114 देशों में कोरोना वायरस के 1,18,000 केस आये सामने, वैश्विक महामारी घोषित

नई दिल्ली। नोवेल कोरोना वायरस रोग (कोविड-19) अब आधिकारिक रूप से एक वैश्विक महामारी है। दुनिया के 114 देशों में 1,18,000 से अधिक कोरोना वायरस के मामलों के साथ, विश्व स्वास्थ्य संगठन ने इसे महामारी घोषित की है। चीन के वुहान शहर में 31 दिसंबर, 2019 को पहला मामला घोषित होने के बाद से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी संबंधित मंत्रालयों / विभागों और राज्यों / केंद्रशासित प्रदेशों के शीर्ष अधिकारियों के साथ स्थिति की लगातार निगरानी और समीक्षा कर रहे हैं।

विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा 30 जनवरी, 2020 को कोरोना वायरस को सार्वजनिक स्वास्थ्य आपातकाल घोषित किए जाने से बहुत पहले, 08 जनवरी, 2020 को भारत में इसके लिए कार्रवाई की शुरुआत की गई थी। 17 जनवरी, 2020 को, राज्यों को स्वास्थ्य क्षेत्र की तैयारियों के लिए निर्देश दिया गया था। उसी दिन इसकी निगरानी की भी शुरूआत की थी।

कोरोना वायरस के प्रबंधन के लिए केंद्रीय मंत्रालयों द्वारा राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों के साथ-साथ कारगर सामुदायिक निगरानी, ​​क्वारंटिन सुविधाओं, पृथक वार्ड, पर्याप्त पीपीई, प्रशिक्षित कर्मियों, शीघ्र कार्रवाई टीमों के संदर्भ में कई उपाय किए गए हैं। 3 हवाई अड्डों (मुंबई, दिल्ली और कोलकाता) पर 17 जनवरी को हवाई अड्डों पर परीक्षण शुरू किया था, जो 21 जनवरी, 2020 को 4 और हवाई अड्डों (चेन्नई, कोचीन, बेंगलुरु, हैदराबाद) में विस्तारित किया गया।

बाद में, 30 हवाई अड्डों तक इससे विस्तारित किया गया है। सभी यात्रियों का 30 हवाई अड्डों पर व्यापक रूप से परीक्षण किया जा रहा है। इसी तरह, 12 प्रमुख बंदरगाहों और 65 गैर-प्रमुख बंदरगाहों पर पहुंचने वाले जहाजों के लिए परीक्षण शुरू किया गया है। भारत ने हमेशा विदेश में अपने नागरिकों की सुरक्षा और कल्याण को प्राथमिकता दी है और कोरोना वायरस प्रभावित देशों से 1 फरवरी, 2020 से अपने नागरिकों को समय पर सुरक्षित निकालकर लाने की शुरूआत की।

अब तक, भारत सरकार ने मालदीव, म्यांमार, बांग्लादेश, चीन, अमेरिका, मेडागास्कर, श्रीलंका, नेपाल, दक्षिण अफ्रीका और पेरू जैसी अन्य देशों के संबंधित 48 नागरिकों के साथ-साथ 900 भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकाला है। इसके अलावा, कल इटली से लाए गए 83 लोगों को क्‍वारंटिन के लिए मानेसर सुविधा केंद्र में रखा गया है। अस्पतालों में सभी रोगियों का इलाज किया जा रहा है और उन्हें स्थिर बताया गया है। प्रधानमंत्री के निर्देश पर, स्थिति की निरंतर निगरानी करने और तैयारियों का मूल्यांकन करने और देश में कोरोना वायरस के प्रबंधन के बारे में उपाय करने के लिए एक उच्च-स्तरीय मंत्री समूह का गठन किया था। स्थिति पर मार्गदर्शन, समीक्षा और निगरानी को लेकर मंत्री समूह की अब तक 6 बैठकें हो चुकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *